Ladli behna yojana क्या बजट 2025-26 में लाड़ली बहनों को मिलेगा पक्का आशियाना?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 31 जनवरी को देश का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। अब 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2025-26 पेश करेंगी, जिस पर पूरे देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के लोगों की भी निगाहें टिकी हैं। केंद्रीय बजट से मध्य प्रदेश को कई सौगातें मिलने की उम्मीद है। सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए भी बड़ा ऐलान किया जा सकता है।

शनिवार को सामने आ रहे बजट से मध्य प्रदेश को पीएम आवास योजना के अंतर्गत 2.77 लाख मकानों के लिए राशि मिलेगी। राज्य सरकार, प्रदेश की लाड़ली बहनों की आवास योजना को भी इस योजना में मर्ज कर चुकी है। इस तरह केंद्रीय बजट में पीएम आवास योजना में राशि का प्रावधान होते ही मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों का पक्का मकान बनाने की उम्मीद पूरी हो सकती है।

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत बनेंगे 2.77 लाख आवास

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत मध्य प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2 लाख 77 हजार आवास बनेंगे। इसके लिए राशि का प्रावधान केंद्रीय बजट में किया जाएगा। मध्य प्रदेश के वित्त विभाग के अधिकारी बताते हैं कि प्रदेश में अगले 5 साल में कुल 10 लाख आवास बनाने का लक्ष्य है।

लाड़ली बहना आवास योजना का पीएम आवास योजना में विलय

मध्य प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना की सफलता के बाद लाड़ली बहना आवास योजना का भी ऐलान किया, लेकिन कई कारणों से इस पर अमल नहीं किया जा सका। अब राज्य सरकार ने लाड़ली बहना आवास योजना को भी पीएम आवास योजना में मर्ज कर दिया है। ऐसे में केंद्रीय बजट में राशि मिलते ही मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों का मकान का सपना पूरा हो सकेगा।

लाड़ली बहनों को मिलेंगे 2.5 से 3 लाख रुपए

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा घोषित की गई मुख्यमंत्री लाड़ली आवास योजना में पात्र महिलाओं को मकान के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए देने की बात कही गई थी। पीएम आवास योजना में मर्ज कर दिए जाने के बाद लाड़ली बहनों के लिए राशि भी बढ़कर 2.5 लाख रुपए और 3 लाख रुपए होगी।

बजट से बड़ी आस

केंद्रीय बजट से मध्य प्रदेश को अगले वित्तीय वर्ष यानी 2025-26 में कुल 1.50 लाख करोड़ रुपए मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय करों के हिस्से और सहायता अनुदान के रूप में इस बार प्रदेश को ज्यादा राशि मिल सकती है।